Haryana gangster Daljeet Sihag : जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हिंसा के आरोप में उम्र कैद की सजा काट रहे हिसार जिल के सिसाय गांव निवासी दलजीत सिहाग के समर्थन में राजस्थान का सांसद हनुमान बेनीवाल उतरा है। कुछ दिन पहले दलजीत सिसाय के हाथों व पांवों में बेड़ी लगाकर सरेआम बाजार में घुमाया गया था और उन्हें बड़ा अपराधी मानते हुए उन पर गैंगस्टर एक्ट लगाया हुआ है। इसके बाद दलजीत की पत्नी सोशल मीडिया पर लाइव आई और समाज से मदद मांगी।
राजस्थान के नागौर से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सिहाग के परिवार को प्रशासन और सरकार के स्तर पर प्रताड़ित किया जा रहा है, जो कतई गलत है। सिहाग के परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। हालांकि खाप पंचायतें भी दलजीत सिहाग के समर्थन में उतर आई हैं।
Haryana gangster Daljeet Sihag : पत्नी ने कहा, कौम के लिए लड़े हैं दलजीत सिहाग
दलजीत सिहाग की पत्नी अनिता सिहाग ने कहा कि उसका पति जाट आरक्षण आंदोलन में अपनी कौम के लिए आंदोलन कर रहा था। अपनी कौम के लिए लड़ते समय ही उन पर ये सारे केस लगे और आखिरकार उन्हें दोषी करार देकर उम्र कैद की सजा सुना दी। समाज के लिए खड़ा होना कोई गुनाह नहीं है। पुलिस उन्हें गैंगस्टर बनाने की कोशिश कर रही है और अपमानित करने का काम कर रही है।

Haryana gangster Daljeet Sihag : पुलिस ने कहा, गैंग का सदस्य रह चुका दलजीत सिहाग
हांसी पुलिस के अनुसार दलजीत सिहाग बदमाश प्रदीप जमावड़ी गैंग का सदस्य रह चुका है और इस गैंग पर डकैती, अपहरण, लूट जैसे मामले दर्ज हैं। हांसी DSP देवेंद्र नैन के अनुसार दलजीत के खिलाफ पहला मामला 2004 में दर्ज हुआ था। इससे पता चलता है कि वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में था। हालांकि दलजीत पर करीब 61 मुकदमे दर्ज हैं। DSP देवेंद्र नैन ने कहा कि समाज में अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Haryana gangster Daljeet Sihag : पुलिस ने बेड़ियां डाल बाजार में घुमाया था दलजीत सिसाय
बता दें कि हांसी पुलिस ने 20 नवंबर को दलजीत सिसाय के हाथों व पांवों में बेड़ियां डालकर उसे बाजार में घुमाया था। इस दौरान भारी पुलिस दल बल मौजूद था। बताया जा रहा है कि हरियाणा दिवस यानी 1 नवंबर को दलजीत के फेसबुक पेज से हरियाणा दिवस की शुभकामना संदेश को लेकर पोस्ट डाली गई थी। इस पोस्ट में गैंगस्टर सफेद कपड़ों में दिखाई दे रहा था, जिसमें वह हाथ जोड़कर हरियाणा दिवस की बधाई देते हुए दिख रहा था। इसके बाद DGP ओपी सिंह ने गुस्से में कहा था कि प्रदेश में गैंगस्टरों को हिरो की तरह पेश नहीं किया जाना चाहिए।













