Gas cylinder Shortage : हरियाणा में सर्दी का मौसम शुरू होते ही घरेलू गैस की किल्लत आमजन को परेशान कर रही है। जिन लोगों ने 15 दिन पहले गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी के लिए बुकिंग करवाई थी, उन्हें अब तक भी सिलिंडर नहीं मिल पाया है। जब उपभोक्ता सिलिंडर नहीं मिलने की समस्या को लेकर गैस एजेंसी पर पहुंच कर पूछते हैं, तो एजेंसी कर्मचारियों का जवाब होता है पीछे से गैस की सप्लाई नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि एचपी के गैस सिलिंडर की सप्लाई में दिक्कत आ रही है। जींद में बठिंडा से घरेलू एचपी गैस की सप्लाई बठिंडा से आती है। वहां मेंटेनेस का कार्य चलने की वजह से सप्लाई बाधित हो रही है। जिले में करीब सवा लाख एचपी गैस सिलिंडर के कनेक्शन हैं। एचपी गैस एजेंसी उपभोक्ताओं की बात की जाए, तो 15 दिन पहले जिन लोगों ने सिलिंडर के लिए बुकिंग करवाई थी, उन्हें अब तक भी डिलीवरी नहीं दी गई है।
Gas cylinder shortage : आम तौर पर हो जाती है दो से 3 दि में डिलीवरी
आमतौर पर डिलीवरी में दो से तीन दिन तक हो जाती है। पटेल नगर निवासी राजीव ने बताया कि उन्होंने 15 दिन पहले घरेलू गैस सिलिंडर बुक करवाया था, लेकिन अभी तक सप्लाई नहीं मिली है। ऐसे में उनको 1100 रुपये में सिलिंडर मिला। उनके घर में सिलिंडर खत्म हो गया था। उपभोक्ता शहर की गैस एजेंसियों से सिलिंडर लेते हैं, तो उन्हें इसके लिए 862 रुपये अदा करने पड़ते हैं। सर्दी के मौसम शुरू है और घरों में गैस की खपत भी बढ़ जाती है।
जल्द सप्लाई सुचारू हो जाएगी : सेल्स आफिसर
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के सेल आफिसर कपिल मलिक ने बताया कि गैस सप्लाई बठिंडा से आती है। वहां मेंटेनेंस का काम चल रहा है। जिसके कारण सप्लाई रुक- रुककर आ रही है। जल्द ही सप्लाई सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी, जिससे उपभोक्तओं को परेशानी नहीं होगी।
खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक सौरभ गोयल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया था। तुरंत प्रभाव से उपभोक्ताओं की समस्या पर संज्ञान लिया गया। कुछ परेशानियां थी, जिनको दूर कर दिया गया है। शनिवार से उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की सप्लाई समय पर मिलेगी। आमतौर पर 48 घंटे में सिलिंडर की डिलीवरी देना अनिवार्य है। इसके साथ ही ओटीपी बताए बिना सिलिंडर नहीं मिलेगा। नियमों के मुताबिक सरकारी रेट से एक रुपये भी ज्यादा कोई भी नहीं ले सकता।













