Vinesh Phogat : विधानसभा सत्र के दौरान मंगलवार को कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट व खेल मंत्री गौरव गौतम की गांव रामराये में स्विमिंग पूल को लेकर बहस हुई। विनेश ने पूछा, क्या गांव रामराये में स्विमिंग पूल के लिए दो एकड़ भूमि दान दी गई थी। क्या वहां स्विमिंग पूल निर्माण का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है। यदि नहीं, तो उसके क्या कारण हैं। विनोश फोगाट ने कहा कि रामराये गांव में प्रतिदिन 250-300 बच्चे प्रैक्टिस करते हैं। बच्चे तालाब में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उन्हें एलर्जी हो रही है।
विनेश ने किया चैलेंज (Vinesh Phogat)
विनेश फोगाट ने खेल मंत्री गौरव गौतम से कहा कि वह उनके साथ चलें और एक बार तैर कर तालाब पार करें। यदि मंत्री को अस्पताल में भर्ती नहीं होना पड़े, तो वह सदन छोड़कर चली जाएंगी। इस पर स्पीकर ने टोकते हुए कहा कि विनेश, आप सिलेक्टिड बच्चों का प्रस्ताव लेकर लाएं, उन पर विचार करेंगे। खेल मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि रामराये गांव से 10-12 किलोमीटर की दूरी पर एकलव्य स्टेडियम में ओलिंपिक साइज का स्वीमिंग पूल है। बच्चे वहां प्रैक्टिस कर सकते हैं।
स्वीमिंग के पैसे मांगे जाते हैं (Vinesh Phogat)
विनेश ने कहा कि एकलव्य स्टेडियम में ठेके पर स्वीमिंग पूल दिया हुआ है। बच्चे स्वीमिंग के लिए जाते हैं, तो उनसे पैसे मांगे जाते हैं। बच्चे ठंड के मौसम में भी तालाब में स्वीमिंग करते हैं। उनके सामने बच्चों की माताएं रोने लगी थी। खेल मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों से फीस ली जाती है, तो उसकी जांच करेंगे। इस दौरान विनेश ने कहा कि मंत्री न तो फोन उठाते हैं और न मिलते हैं। मंत्री गौतम ने कहा कि उनसे तो हजारों लोग आकर मिलते हैं। इस पर विनेश ने कहा कि इन हजारों में मेरा नाम नहीं है।

विनेश ने कहा, पैसे नहीं देने पर बच्चे प्रैक्टिस से वंचित रह जाते (Vinesh Phogat)
विधानसभा के दौरान विधायक विनेश फोगाट ने कहा कि रामराये गांव के तालाब में लगभग 250 से 300 बच्चें रोजाना ट्रेनिंग करते हैं और कई खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीत चुके है। खिलाड़ी गंदे तालाब में तैरने को मजबूर है, जिससे उन्हें एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य संबधित समस्याएं हो रही हैं। एकलव्य स्टेडियम में स्विमिंग पूल को निजी लोगों को ठेके पर दिया गया है, जोकि बच्चों से भारी फीस वसूलता है। जो बच्चे पैसे नहीं दे पाते, उन्हें वहा ट्रेनिंग की अनुमति नहीं दी जाती, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी अभ्यास से वंचित हैं।
राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क सुविधा : खेल अधिकारी (Vinesh Phogat)
विधानसभा में विधायक विनेश फोगाट द्वारा उठाए सवाल पर जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2022 को एकलव्य स्टेडियम में स्थापित स्विमिंग पूल को 5 साल के लिए जय बाबा सेवागर इंटरप्राइजिज रोहतक को ठेके पर दिया हुआ है। अनुबंध में निर्धारित नियम व शर्त अनुसार राज्य स्तर, राष्ट्रीय स्तर व अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी पूल में 2 घंटे सुबह व 3 घंटे शाम के समय निःशुल्क ट्रैनिंग कर सकता है। अगर विभागीय स्वीमिंग प्रतियोगिता करवाई जाती है, तो उसके लिए भी स्विमिंग पूल निःशुल्क प्रयोग में लाया जाता है।









