HBSE Exam : झमोला के पीएसपीएम स्कूल परीक्षा केंद्र में शनिवार को 10वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा के दौरान मोबाइल में आंसर की मिलने के मामले में आरोपित चपरासी सुरेंद्र को जुलाना थाना पुलिस ने रविवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगीः पवन शर्मा (HBSE Exam)
पुलिस आरोपित से रिमांड के दौरान पूछताछ करेगी कि उसके पास आंसर की कहां से आई, उसने आगे कहीं भेजी या नहीं। वहीं जुलाना में रविवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि इस मामले में पूरी जांच होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। झमोला परीक्षा केंद्र अधीक्षक सहित पूरे स्टाफ को रिलीव कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रर्वा के लिए शिक्षा विभाग को लिख दिया गया है।

चपरासी के पास मोबाइल में आंसर की बरामद हुई (HBSE Exam)
पीएसपीएम स्कूल की मान्यता भी रद की जाएगी। बता दें कि बोर्ड चेयरमैन की तरफ से गठित रैपिड एक्शन फोर्स ने शनिवार को झमोला में पीएसपीएम स्कूल में बने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान चपरासी सुरेंद्र के मोबाइल में आंसर की बरामद की थी। केंद्र अधीक्षक राममेहर की शिकायत पर जुलाना थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया था। वहीं बोर्ड चेयरमैन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परीक्षा केंद्र की हिंदी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया था। वहीं पीएसपीएम स्कूल झमोला से परीक्षा केंद्र पीएम श्री राजकीय कन्या स्कूल जुलाना में शिफ्ट कर दिया था।
निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया (HBSE Exam)
वहीं हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन पवन शर्मा रविवार को कस्बे के पीएम श्री राजकीय कन्या स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे। जहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने झमोला गांव के पीएसपीएम स्कूल में सामने आए नकल प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री की जीरो टालरेंस नीति पर कार्य कर रही है।

शिक्षकों की सहमति से पेपर आउट किया गया (HBSE Exam)
शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दादरी जिले के रानिला गांव में भी हाल ही में नकल से संबंधित एक मामला सामने आया था। सूचना मिलते ही बोर्ड की ओर से तुरंत जांच करवाई गई, जिसमें सामने आया कि शिक्षकों की सहमति से पेपर आउट किया गया था। इस मामले में सात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है और आरोपितों को चार्जशीट भी किया जा चुका है।
झमोला गांव के पीएसपीएम स्कूल में सामने आए प्रकरण पर उन्होंने कहा कि इस स्कूल को पहली बार परीक्षा केंद्र बनाया गया था। अब यह जांच का विषय है कि ऐसे स्कूल को परीक्षा केंद्र किस आधार पर बनाया गया। उन्होंने संकेत दिए कि कुछ परीक्षा केंद्रों का चयन ही संदिग्ध परिस्थितियों में किया जाता है, जहां परीक्षा की पवित्रता को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा होगी (HBSE Exam)
उन्होंने कहा कि आरोपित को कभी चपरासी बताया जा रहा है, तो कभी कुछ और, इसलिए पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बोर्ड ने पीएसपीएम स्कूल का परीक्षा केंद्र बदलकर जुलाना के पीएम श्री कन्या स्कूल में स्थानांतरित कर दिया है, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सकें। बोर्ड परीक्षा की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।








