Haryana Mausam Update : हरियाणा में आज से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है और इसका असर भी देखने केा मिल रहा है। IMD के अनुसार कड़ाके की ठंड का आगाज हो गया और इसके साथ-साथ अब धुंध का प्रकोप भी देखने को मिलेगा। हालांकि धुंध पड़ी तो गेहूं की फसल पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा और पौधे का फुटाव होगा।
IMD के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जिसके चलते कई स्थानों पर शीत लहर जैसे हालात बन गए हैं। वहीं पंचकूला, सोनीपत, पानीपत, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल में सुबह और शाम के समय दृश्यता में भारी कमी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा हिसार, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है।
Haryana Mausam Update : आगे कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 15 दिसंबर तक उत्तरी और मध्य हरियाणा के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। धुंध की चेतावनी को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे धीमी गति से वाहन चलाएं और घने कोहरे के समय अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड से बचाव के लिए उचित उपाय करने की अपील की है।
Haryana cold wave : ये जिला रहा सबसे ठंडा
वीरवार को सोनीपत स्थित कनाल रेस्ट हाउस राज्य का सबसे ठंडा केंद्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ शहर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी तरह, गुरुग्राम में पारा 5.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे है। अंबाला में 1.8 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 2.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
Mausam Update : नूंह सबसे अधिक गर्म
राज्य में अधिकतम तापमान लगभग सामान्य के करीब बना हुआ है, हालांकि यह कल की तुलना में 0.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। नूंह इस सीजन में भी अधिकतम तापमान के मामले में आगे रहा, जहां 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और चंडीगढ़ शहर में 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।














