Jind news : जींद। रिटायर्ड कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक रणजीत सिंह की अध्यक्षता में बस स्टैंड स्थित यूनियन कार्यालय में हुई। मीटिंग का संचालन वेद प्रकाश शर्मा ने किया।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह धनखड़ ने केंद्र व राज्य सरकार की कर्मचारी व मजदूर विरोधी नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि रिटायर्ड कर्मचारी व अधिकारी अपने जीवन का अनमोल कालखंड ईमानदारी व निष्ठा से जनता को समर्पित करते हैं। उनकी वर्षों पुरानी मांग 65-70-75 वर्ष की आयु उपरांत बेसिक पेंशन में 5-10-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी, चिकित्सा भत्ता एक हजार से बढ़ाकर पांच हजार, मेडिकल कैशलेस सुविधा केंद्र की तर्ज पर देने, पुरानी पेंशन नीति बहाल करना जैसी मांग लंबित हैं।
Jind news : बुढ़ापे में कर्मचारी का एकमात्र सहारा पेंशन को बंद किया
सरकार उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। धनखड़ ने सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की भी आलोचना करते हुए कहा कि अपने भत्ते-वेतन विधानसभा में बढ़वाने के लिए 90 सदस्य मिलकर करतल ध्वनि से बिल पास करते हैं। बुढ़ापे में कर्मचारी का एकमात्र सहारा पेंशन को बंद कर दिया गया है।
बैठक में सफीदों फैक्टरी अग्निकांड में अकाल मौत के आगोश में समाने वाली महिलाओं की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर सतबीर सिंह, दलबीर बूरा, सत्यवान, धर्मवीर लाठर, राजकुमार रेढू, बुधराम वर्मा, धारा सिंह, बलवान पिटवाड़, रवि भूषण शर्मा, दिलबाग तलोडा भी मौजूद रहे।












