Jind Voter ID list : हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा हरियाणा पंचायती राज अधिनियम 1994 व हरियाणा पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के प्रावधानों के तहत ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों व सरपंच और पंच पदों के उपचुनाव के लिए वार्ड वार मतदाता सूचियों के प्रकाशन के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जिला के दो सरपंचों, एक और 22 पंचों के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव करवाए जाएंगे।
संबंधित ग्राम पंचायतों की वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची (Jind Voter ID list) के आधार पर तैयार की जाएगी। कोई भी व्यक्ति अपना नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में शामिल करवाने से पूर्व संबंधित विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करवा सकता है। वार्ड वार प्रारूप मतदाता सूची तैयार करने के लिए संबंधित क्षेत्रों के निर्वाचकों का वितरण कार्य 28 फरवरी तक किया जाएगा। इसके उपरांत ग्राम पंचायतों की वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन दो मार्च को किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां निरीक्षण के लिए संबंधित ग्राम सचिव, तहसीलदार (राजस्व), खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय में निश्शुल्क उपलब्ध रहेंगी। साथ ही मतदाता सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची (Jind Voter ID list) के संबंध में दावे व आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि नौ मार्च निर्धारित की गई है, जबकि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटान 12 मार्च तक किया जाएगा। दावों व आपत्तियों के निपटारे के विरुद्ध 16 मार्च तक डीसी-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के समक्ष अपील दायर की जा सकेगी, जिनका निपटान 19 मार्च तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च को किया जाएगा।
जिला जींद के विभिन्न खंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के रिक्त सरपंच व पंच पदों के लिए उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे। ब्लाक जींद की ग्राम पंचायत चाबरी में सरपंच पद के लिए विधानसभा क्षेत्र संख्या 34 के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 60 निर्धारित किया गया है। ग्राम पंचायत मनोहरपुर के वार्ड नंबर छह में पंच पद के लिए विधानसभा क्षेत्र संख्या 36 के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 35 से 37 निर्धारित किए गए हैं। ग्राम पंचायत ललित खेड़ा के वार्ड नंबर चार में पंच पद के लिए विधानसभा क्षेत्र संख्या 34 के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 61 निर्धारित किया गया है।
ग्राम पंचायत राजपुरा के वार्ड नंबर सात में पंच पद के लिए विधानसभा क्षेत्र संख्या 34 के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या तीन से छह निर्धारित किए गए हैं। ग्राम पंचायत ईक्कस के वार्ड नंबर तीन में पंच पद के लिए विधानसभा क्षेत्र संख्या 36 के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 191 व 192 निर्धारित किए गए हैं। ग्राम पंचायत कर्मगढ़ के वार्ड नंबर दो में पंच पद के लिए विधानसभा क्षेत्र संख्या 34 के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 21 निर्धारित किया गया है।











