Jind Panipat road fourlane : हरियाणा के जींद से सफीदों होकर पानीपत जाने वाले फोरलेन के दिन भी अब बदलने वाले हैं। हरियाणा की सबसे खराब सड़कों में शामिल इस सड़के के फोरलेन के निर्माण को लेकर टेंडर जारी हो गए हैं। दो चरणों में करीब 113.30 करोड़ रुपए की लागत से इस सड़क का पुर्ननिर्माण होगा।
यूं तो पिछले 10 सालों से जींद से पानीपत रोड को बनाने के लिए मुद्दा चला हुआ है लेकिन अभी तक प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ पाई है। कभी रोड को फोरलेन बनाने का प्रपोजल आता है तो कभी चौड़ीकरण का आता है। कई बार सड़क को दोनों तरफ 3-3 मीटर चौड़ा करने का एस्टीमेट तैयार होता रहा है लेकिन हर बार प्रोजक्ट शुरू होने से पहले ही फाइल दम तोड़ जाती है। कभी सड़क के किनारे खड़े हजारों पेड़ काटने का पेंच फंस जाता है तो कभी NOC लेने समेत कुछ दूसरी अड़चनें आती रही हैं। अब एक बार फिर से रोड के फोरलेन होने की उम्मीद जागी है।
Jind Panipat road fourlane : पानीपत से दरियापुर मोड़ तक का टेंडर जारी
जींद से सफीदों होकर पानीपत जाने वाले रोड के फोरलेन बनाने को लेकर दो चरणों में काम होना है। पहले चरण में पानीपत से दरियापुर मोड़ तक करीब 55 किलोमीटर की सड़क निर्माण को लेकर 53 करोड़ 91 लाख रुपए का टेंडर जारी हो गया है। पीडब्ल्यूडी पानीपत द्वारा यह काम किया जाएगा। पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने यह जानकारी दी।
Jind Panipat road fourlane : दूसरे चरण में जींद से दरियापुर के बीच होगा निर्माण
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि दूसरे चरण में जींद से दरियापुर तक लगभग 50 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर 59 करोड़ 48 लाख रुपए की राशि खर्च होगी। इसे जींद का लोक निर्माण विभाग ही पूरा करेगा। विभागीय सूत्र बताते हैं कि पानीपत से सफीदों के बीच सड़क फोरलेन होगी जबकि जींद से सफीदों तक सड़क को दोनों तरफ से तीन-तीन मीटर चौड़ा किया जाएगा। हालांकि सड़का का नए सिरे से ही निर्माण होना है।
Jind Panipat road fourlane : HPCC की बैठक में टेंडर प्रक्रिया की शुरुआत
मंत्री पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 27 दिसंबर को हुई एचपीसीसी की बैठक में इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी। सड़क निर्माण के दौरान पानी की निकासी का भी समुचित प्रबंध किया जाएगा। इस नवीनीकरण से इसराना, जींद जिले की सफीदों और करनाल जिले के संत विधानसभा क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
Jind Panipat road :दो घंटे लगते हैं जींद से पानीपत के
जींद से पानीपत तक का 75 किलोमीटर का सफर तय करने में कार में भी 2 घंटे लग जाते हैं, जबकि स्टेट हाईवे चौड़ा और साफ-सुथरा हो तो यह दूरी सवा घंटे में आसानी से तय की जा सकती है। वहीं जींद से सफीदों की दूरी करीब 35 किलोमीटर है लेकिन बस या निजी वाहन से 35 किलोमीटर का यह सफर एक घंटे से भी ज्यादा समय में तय हो पाता है।








