Fog Mausam Update : सर्दी के सितम के साथ धुंध (Fog) ने हरियाणा को अपनी चपेट में ले लिया है। 8 जिलों में धुंध के चलते दृश्यता 10 मीटर से भी कम है। जींद, कैथल, सिरसा, हिसार, करनाल, यमुनानगर, पानीपत, कुरुक्षेत्र, सोनीपत में धुंध के चलते जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। धुंध में सड़क हादसों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
IMD द्वारा भी घने कोहरे (Fog) का लेकर अलर्ट जारी किया गया था, जिसके मुताबिक आज आधे से ज्यादा हरियाणा को धुंध ने अपनी आगोश में ले लिया है। हालांकि 15 और 16 दिसंबर को मौसम ठीक था लेकिन इससे पहले 13 और 14 दिसंबर को भी धुंध देखने को मिली थी।
Haryana Fog Alert : 60 की स्पीड पर चलेंगी रोडवेज बसें
परिवहन मंत्री अनिल विज ने सभी राज्यों से धुंध के चलते हो रहे हादसों की रिपोर्ट मांगी है और वहीं रोडवेज बसों की स्पीड लिमिट निर्धारित करते हुए आदेश दिए हैं कि किसी भी बस को 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ज्यादा न चलाएं। बसों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर, डिप्पर लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। यदि ड्राइवर और कंडक्टर इन निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Fog in Haryana Temperature : सबसे कम तापमान नारनौल में
हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई है। नारनौल (महेंद्रगढ़) की रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 6.0 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सिरसा में 6.2, हिसार में 6.6 डिग्री और पंचकूला में रात का तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया।
Fog Mausam Forecast : आगे कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
हिसार की चौधरी चरण सिंह एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार हरियाणा में मौसम 20 दिसंबर तक खुश्क व परिवर्तनशील बना रहेगा। उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने से रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है, मगर दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।
डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 18 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 18 दिसंबर से 20 दिसंबर के दौरान बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान वातावरण में नमी बढ़ने से कहीं-कहीं अलसुबह हल्की से मध्यम धुंध भी रहने की संभावना है।














