Jind medical college : जींद शहर के साथ लगते हैबतपुर गांव में करीब 24 एकड़ में मेडिकल कालेज बन रहा है। बजट के अभाव में मेडिकल कालेज के प्रथम चरण के कार्य में दिक्कत आ रही है। रिवाइज एस्टीमेट की वजह से प्रथम चरण के कार्य का बजट बढ़ गया था। रिवाइज एस्टीमेट को स्वीकृति के लिए सरकार को भेजा गया है। जिसकी स्वीकृति का इंतजार है। प्रथम चरण का कार्य पूरा करने के लिए करीब 200 करोड़ रुपये का बजट चाहिए। जिलावासियों की मांग है कि प्रदेश सरकार अगले सप्ताह पेश होने वाले बजट में मेडिकल कालेज के लिए बजट जारी करे।
बता दें कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 26 दिसंबर 2014 को जींद में मेडिकल कालेज बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद जमीन की तलाश शुरू हुई, तो तीन साल बाद हैबतपुर गांव की पंचायत ने अपनी 24 एकड़ जमीन दी। साल 2020 में मेडिकल कालेज (Jind medical college) का निर्माण कार्य शुरू हुआ। साल 2024 तक पहले चरण का काम पूरा होना था। शुरुआत में जब काम शुरू किया गया, तो प्रथम चरण के कार्य का एस्टीमेट करीब 550 करोड़ रुपये था। लेकिन बाद में एस्टीमेट को रिवाइज किया गया, जिससे प्रथम चरण के कार्य की लागत 200 करोड़ रुपये और बढ़ गई।

प्रथम चरण में मेडिकल कालेज (Jind medical college) की फिनिशिंग का काम बाकी है। ओपीडी के लिए भवन तैयार किया जा चुका है। यहां 750 बेड का मेडिकल कालेज बनाया जा रहा है। इसमें 19 ब्लाक हैं। पिछले साल मेडिकल कालेज में ओपीडी शुरू हो चुकी है। जिसके लिए स्टाफ नागरिक अस्पताल से जाता है। यहां स्टाफ की भर्तियां होना बाकी हैं। वहीं मेडिकल उपकरणों की भी खरीद होनी बाकी है।
मेडिकल कालेज में ये होने हैं काम
मेडिकल कालेज का निर्माण एलएंडटी कंपनी कर रही है। निर्माण दो चरणों में होना है। पहले चरण में 75 फीसदी से ज्यादा काम होना है। इसमें 19 बड़े ब्लाक, टीचिंग अस्पताल, 750 बेड का अस्पताल, ब्लड बैंक, पैथ लैब, रेडियोग्राफी ब्लाक, ओपीडी ब्लाक, गर्ल्स एवं इंटरनल हास्टल, बायज एंड इंटरनल हास्टल, जूनियर व सीनियर रेजिडेंट, नर्सिंग कालेज व हास्टल, निदेशक निवास, गेस्ट हाउस व शापिंग सेंटर, पावर सब स्टेशन, पुलिस स्टेशन, वेस्ट मैनेजमेंट बिल्डिंग, शव गृह, पुलिस थाना, सब स्टेशन, खेल परिसर शामिल हैं।
जल्द बजट होगा जारी : डिप्टी स्पीकर
विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि रिवाइज एस्टीमेट की वजह से मेडिकल कालेज के निर्माण का बजट बढ़ा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इसको लेकर बात हुई है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि बजट की वजह से मेडिकल कालेज (Jind medical college) का काम नहीं रुकने दिया जाएगा। जल्द ही बजट जारी होगा। मेडिकल कालेज में ओपीडी शुरू हो चुकी हैं। जल्द से जल्द मेडिकल कालेज का बचा हुआ काम पूरा करवाया जाएगा।











