Haryana Budget : हरियाणा में सोमवार को मुख्यमंत्री सीएम नायब सिंह सैनी ने 2026-27 का बजट पेश किया। 2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश करते हुए सीएम सैनी ने किसानों के लिए एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाने, हर जिले में स्वस्थ नारी क्लिनिक बनाने, हांसी को मॉडर्न डिस्ट्रिक्ट बनाने समेत कई एलान किए । उद्योगों के लिए सरकार ने 500 करोड़ रुपये का एक स्पेशल फंड बनाने की घोषणा की है, जिसका नाम ‘सक्षम’ दिया गया है।
वहीं हरियाणा में भाजपा सरकार का यह बजट 2025-26 की तुलना में 10.28 फीसदी ज्यादा है। बतौर वित्त मंत्री अपने बजट भाषण में सीएम ने दावा किया कि राज्य के इतिहास में पहली बार पिछले बजट का 98 फीसदी प्रस्तावों का उपयोग किया गया। इस सब के अलावा सीएम ने बजट में पुलिस की भर्ती में 20 फीसदी पद अग्निवीर के आरक्षित करने की घोषणा कि है।
सैनी ने केसरिया पगड़ी पहनकर चौंकाया (Haryana Budget)
सोमवार को बजट पेश करने सीएम नायब सिंह सैनी केसरिया पगड़ी पहनकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने पहले गुरु नानक देव के वचन किरत कर, नाम कर और वंड छक से अपनी भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के नक्शेकदम पर चलते हुए उन्होंने बजट बनाने से पहले गुड़गांव में समाज के विभिन्न लोगों के साथ बैठक की, जिसमें 2000 से ज्यादा प्रस्ताव मिले। इसके अतिरिक्त ई-मेल और पत्रों के जरिये भी लोगों ने सुझाव दिए। 5000 सुझावों को बजट में शामिल किया गया है, जिनमें 12 अहम प्रस्ताव है।

सीएम का दावा, आय में होगा इजाफा (Haryana Budget)
बजट भाषण के दौरान सीएम सैनी ने सूचित किया है कि 2014-15 में प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 1,47,382 रुपये थी, जो 2023-24 में बढ़कर 3,24,958 रुपये (प्रोविजनल अनुमान) हो गई। उन्होंने कहा कि 2024-25 में आय बढ़कर 3,58,171 रुपये हो गई, जबकि राष्ट्रीय औसत सिर्फ़ 2,19,575 रुपये था। उन्होंने बताया कि अग्रिम अनुमान के मुताबिक 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय 3,95,618 रुपये हो सकता है। खर्चों और नुकसान को कम होने के कारण 2014 से 2024 तक राजकोषीय घाटा सिर्फ 2.75 परसेंट बढ़ा, जबकि पिछली सरकार में यह 44 फीसदी तक पहुंच गया था।
हरियाणा बजट की प्रमुख घोषणाएं (Haryana Budget)
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में तीसरी पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी हरियाणा एग्री डिस्कॉम बनाने की घोषणा की है। यह बिजली कंपनी किसानों की जरूरतों को पूरा करेगी और 5,084 एग्रीकल्चरल फीडर को मैनेज करेगी। उन्होंने कहा कि इस कंपनी से 7.12 लाख किसानों को बिना रुकावट बिजली मिलेगी। अब किसानों को इसके तहत ट्यूबवेल के कनेक्शन दिए जाएंगे।
- ‘हर नारी, स्वस्थ नारी’ स्कीम के तहत हर ज़िले में महिलाओं के लिए क्लीनिक बनाए जाएंगे। इसके अलावा हरियाणा सरकार सर्वाइकल कैंसर से लड़ने के लिए 3 लाख 14 साल की
- लड़कियों को वैक्सीन लगाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू करेगी।
- बजट में AI मिशन के तहत 1 लाख युवाओं को ट्रेनिंग देने का प्रावधान किया गया है। सीएम ने बताया कि इस पहल में चार डिपार्टमेंट के प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है।
- बजट में पुराने इंडस्ट्रियल एरिया सोनीपत, हिसार, अंबाला शहर, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, नीलोखेड़ी, बहादुरगढ़, बरवाला और पानीपत के लिए 500 करोड़ रुपये का सक्षम फंड रखा गया है।
- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर ‘आदर्श परीक्षा केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे।
- ग्रीन एनर्जी में बदलाव: सरकारी इमारतों और गायों के घरों को सोलर या नॉन-कन्वेंशनल एनर्जी में बदला जाएगा।

गुरुग्राम को बजट में मिला ये तोहफा (Haryana Budget)
- राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से वाटिका चौक तक साउदर्न पेरिफेरल रोड पर 5.1 किमी लम्बा, 8 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर और वाटिका चौक पर क्लोवर-लीफ लगभग 1,065 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।
- वाटिका चौक से गांव घाटा तक SPR पर 8.84 किलोमीटर लम्बा, 8-लेन एलिवेटेड मार्ग 1,846 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।
- लगभग 77 करोड़ रुपये की लागत से 10.5 किलोमीटर प्रमुख मार्गों को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा
- लगभग ₹302 करोड़ की लागत से अंबेडकर चौक, दादी सती चौक, मिलेनियम सिटी सेंटर, बख्तावर चौक और बसई के निकट गढ़ी रेलवे क्रॉसिंग पर 5 फ्लाईओवर बनेंगे।
- गुरुग्राम-पटौदी रोड के हरसरु बाईपास से वजीरपुर होते हुए झज्जर तक 6-लेन सड़क और फरूखनगर बाईपास का निर्माण होगा।
- हरसरु, कादीपुर, वजीराबा में नई ESI डिस्पेंसरी खुलेंगी, मानेसर के ESIC अस्पताल को 200 बिस्तर में अपग्रेड करके यहां नया मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा
- निवेशकों की सुविधा के लिए गुरुग्राम और मानेसर सहित चार शहरों में कॉमन इंडस्ट्रियल सेक्रेटेरिएट बनाने का प्रस्ताव
- गुरुग्राम, खरखौदा और पंचकूला के पिंजौर में वेडिंग सिटी बनाई जाएंगी, जहां सगाई से विदाई तक के आयोजनों की व्यवस्था होगी
फरीदाबाद की भी मौज (Haryana Budget)
- हरियाणा बजट में ईस्ट टू वेस्ट कनेक्टिविटी के लिए साढ़े 1500 करोड़ का बजट रखा गया है। इससे फरीदाबाद में बाटा से सैनिक कॉलोनी का रूट और दूसरा बडखल से सैनिक कॉलोनी तक जाने वाले रूट से कनेक्टिविटी होगी। ग्रेटर फरीदाबाद को डायरेक्ट गुड़गांव जाने का रास्ता मिल जाएग
- प्रदेश सरकार के बजट में बड़खल रूट के लिए 850 करोड़ और बाटा रूट के लिए 700 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है
- फरीदाबाद में 100 करोड़ की लागत से मछली मंडी बनेगी। साथ ही फर्टिलाइजर लैब भी बनेगा।
- बजट में बल्लभगढ़ में न्यू बेबी केयर यूनिट की स्वीकृति दी गई है।
- फरीदाबाद में नया आईएमटी बनेगा, इसके लिए ई भूमिक पोर्टल पर राय मांग ली गई है।








