Jind Education : किसान छात्र एकता संगठन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष छात्र नेता सुमित लाठर ने कहा कि प्राइवेट बस संचालकों द्वारा छात्रों के बस पास को न मानना और उनके साथ दुर्व्यवहार करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर छात्रों के बस पास मान्य नहीं किए गए, तो संगठन सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा और पुतला फूंकने से लेकर रोड जाम तक आंदोलन किया जाएगा।
अगर किसी भी छात्र या छात्रा को बस पास होने के बावजूद टिकट लेने के लिए मजबूर किया जाता है, तो वह लिया गया टिकट किसान छात्र एकता संगठन के पास जमा करवाए। संगठन स्वयं सत्यापन के बाद संबंधित छात्र-छात्रा को टिकट के पैसे वापस देगा ओर संबंधित बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित करवाई जाएगी।

किसान छात्र एकता संगठन का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को आरटीए कार्यालय में इंस्पेक्टर बलजीत सिंह से मिला और पूरे मामले से अवगत करवाया। इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि छात्र-छात्राएं ऐसी घटनाओं की लिखित शिकायत कार्यालय में दें, जिसके बाद संबंधित प्राइवेट बस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संगठन ने परिवहन विभाग से मांग की है कि सभी प्राइवेट बसों में सरकारी बस पास को अनिवार्य रूप से लागू करवाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।











