यदि आपमें मेहनत करने की क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति है तो आप अपना मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य भी प्राप्त कर सकते हैं। भोपाल की पल्लवी मिश्रा ने यह कर दिखाया है।
उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यूपीएससी का एग्जाम पास किया और 73वीं रैंक लाकर आईएएस अधिकारी बनीं। उनकी कहानी उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणादायक है जो अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
आईएएस पल्लवी मिश्रा एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता अजय मिश्रा एक सीनियर एडवोकेट हैं जबकि उनकी मां डॉ. रेणु मिश्रा एक सीनियर वैज्ञानिक हैं। वहीं उनके भाई आदित्य मिश्रा एक आईपीएस अधिकारी हैं, जो फिलहाल बालाघाट जिले के एसपी हैं।
पल्लवी अपने शुरुआती कोशिस में यूपीएससी परीक्षा पास नहीं कर पाईं, मगर 2022 में उन्होंने कड़ी मेहनत की और उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में बिना किसी कोचिंग की मदद लिए यूपीएससी की कठिन मानी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा 73वें रैंक के साथ पास कर लिया। उनके एक्स प्रोफाइल के अनुसार अभी वह नॉर्थ गोवा में असिस्टेंट कलेक्टर के पद पर पोस्टेड हैं।
यदि पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो आईएएस पल्लवी मिश्रा ने भोपाल से हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की और बाद में दिल्ली स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से लॉ में ग्रेजुएट हुईं।
कानून की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने संगीत में एम.ए. भी किया और एक प्रशिक्षित शास्त्रीय गायिका बनीं जिन्होंने स्वर्गीय पंडित सिद्धराम कोरवारा के मार्गदर्शन में संगीत सीखा।
आईएएस पल्लवी मिश्रा सोशल मीडिया पर भी ज्यादा प्रसिद्ध हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 88.7K फॉलोवर्ज हैं। यदि सिविल सेवा परीक्षा में नंबरों की बात करें तो उन्होंने लिखित परीक्षा में 820 नंबर और इंटरव्यू में 184 मार्क्स हासिल किए थे. इस तरह से उन्होंने इस परीक्षा में कुल 1004 मार्क्स हासिल किए।
पल्लवी अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को और खास तौर से अपने बड़े भाई आईपीएस आदित्य मिश्रा को देती हैं जिनके सहयोग और मार्गदर्शन ने उनके जीवन के विभिन्न चरणों में अहम भूमिका निभाई।